Breaking News

श्रीनगर, पहलगाम में पारा लुढ़का, घाटी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से कम 4.8 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में शून्य से कम 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे कश्मीर घाटी हाड़ कंपा देने वाली भीषण ठंड की चपेट में है।

मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने कहा कि श्रीनगर में आज लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान शून्य से कम 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से शून्य से कम 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। श्रीनगर और घाटी के अन्य हिस्सों में तापमान के प्रभाव के कारण डल झील और अन्य जल निकाय के कुछ हिस्से जम गए।

राजधानी श्रीनगर में दिन में सूरज निकलने के बीच, अधिकतम तापमान सामान्य 6.9 डिग्री सेल्सियस से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि पिछले दिन श्रीनगर में तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस था। घाटी के अन्य स्टेशनों पर भी दिन का तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। पहलगाम में रात के तापमान में और गिरावट देखी गई। इस दौरान, यह सबसे ठंडा स्थान रहा, यहां पिछली रात शून्य से कम 6.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले बुधवार को शून्य से कम 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में पिछली रात तापमान शून्य से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य से कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कोकरनाग में एक दिन पहले न्यूनतम तापमान शून्य से कम 2.7 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य से कम 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग में पारा कुछ डिग्री बेहतर हुआ और पिछली रात शून्य से कम 4.0 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य से कम 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस ऊपर है।

कुपवाड़ा में आज न्यूनतम तापमान शून्य से कम 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यहां तापमान शून्य से कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है। आज मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने और चार-पांच जनवरी को आम तौर पर बादल छाए रहने, साथ ही प्रदेश के अत्यधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं।