संविधान संवाद रैली में भाजपा पर बरसे अजय राय

वाराणसी, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा के उद्देश्य से कांग्रेस ने रविवार को शास्त्री घाट पर ‘संविधान संवाद रैली’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय, पवन खेड़ा, सुप्रिया श्रीनेत, सांसद किशोरी लाल शर्मा, इमरान मसूद, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कई नेता मौजूद रहे।
अजय राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खरीदने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन “न कोई झुका, न कोई बिका।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं ने प्रयास किए, पर बनारस में कांग्रेस कार्यकर्ता चट्टान की तरह डटे रहे। काशी द्वार समेत विभिन्न मुद्दों पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने से नहीं डरते और जनता की आवाज उठाते रहेंगे।
सांसद इमरान मसूद ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर बयान देते हुए कहा कि यदि संसद में ही खतरा हो तो इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने काशी में विकास कार्यों के नाम पर मूर्तियां और घाट तोड़े जाने का आरोप लगाया और कहा कि काशी की सांस्कृतिक विरासत से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





