सत्ता का दुरुपयोग कर रही भाजपा सरकार : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर पहुँच चुका है। भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और पुलिस-प्रशासन को निर्दोष लोगों को प्रताड़ित करने में लगा दिया गया है।

अखिलेश यादव ने बुधवार को आगरा में सपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के साथ पुलिस के व्यवहार को “निंदनीय” बताया। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकता से घबराई भाजपा सरकार पुलिस को आगे कर समाजवादियों के साथ दुर्व्यवहार करा रही है और सपा के प्रतिनिधिमंडल को रोककर अलोकतांत्रिक कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को सीधे स्वीकार करना चाहिए कि वह अपनी हार देखकर हताश है। उन्होंने चेतावनी दी कि “पीडीए समाज अब और बंदिशें बर्दाश्त नहीं करेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश में अन्याय, भ्रष्टाचार और लूट को बढ़ावा दे रही है। हर विभाग में बजट का बंदरबांट हो रहा है, जिससे आम जनता, गरीब, किसान और नौजवान त्रस्त हैं।

इस दौरान अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा के अहंकार और कुशासन को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार हटेगी तभी लोगों को न्याय और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी।”

Related Articles

Back to top button