सनातन संस्कृति को कोई झुका नहीं पाया : मुख्यमंत्री योगी

सीतापुर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति को कोई झुका नहीं पाया है और यह सदैव समाज को एकजुट रखने का कार्य करती रही है।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ लोनियायन पुरवा स्थित सद्गुरु गिरधारी नाथ जी महाराज स्मारक के अनावरण के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने साधु-संतों के साथ आश्रम में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों ने देश को लूटने तथा किसानों एवं कारीगरों को कमजोर करने का प्रयास किया, लेकिन सनातन संस्कृति ने देश की पहचान को अक्षुण्ण रखा। भारत ने सदैव अन्य धर्मों को भी शरण दी है और “वसुधैव कुटुंबकम” का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत को नई वैश्विक पहचान मिली है। योग को विश्व स्तर पर मान्यता मिली है और कुंभ को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर समाज को बांटने का कार्य किया, जबकि वर्तमान सरकार सबको साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। पिछले 11 वर्षों में भारत तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है और आज विश्व भारत को आशा की दृष्टि से देख रहा है।

मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर निर्माण सनातन आस्था का प्रतीक है। उन्होंने विपक्षी दलों पर परोक्ष टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल बांग्लादेश की घटनाओं पर मौन हैं, ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे किसान समृद्ध और आत्मनिर्भर बन रहे हैं। सनातन संस्कृति बल, बुद्धि और वैभव के सदुपयोग की शिक्षा देती है तथा समस्त प्राणियों के प्रति संवेदना का भाव रखती है।
इस अवसर पर साधु-संत, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button