Breaking News

सपा नेता पूर्व एमएलसी का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार..

देवरिया, देवरिया में फौजदारी के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजवादी पार्टी(सपा) के पूर्व एमएलसी राम सुन्दर दास का बुधवार को यहां निधन हो गया। वह करीब 80 वर्ष के थे।

परिजनो के अनुसार श्री दास करीब एक साल से बीमार चल रहे थे और इस दौरान अस्पताल में भर्ती भी रहे। ठीक होने के बाद वह अपने राघव नगर आवास पर स्वास्थ्य लाभ कर रहे थे। आज उनकी तबियत खराब होने पर परिजन उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज ले गये जहां उनका निधन हो गया।

राम सुन्दर दास दो बार विधान परिषद में सपा के सदस्य रहे। वे विधान परिषद में समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक भी थे। वह 1996 में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किए थे। निषाद समाज में उनकी गहरी पैठ होने के कारण सपा ने उन्हें दो बार एमएलसी बनाया था। वे पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के काफी नजदीकी माने जाते थे।

वर्ष 1983 में राजनीतिक सफर शुरू करते हुए राम सुंदर दास ने कांग्रेस के टिकट पर 1983 एवं 1989 में गौरी बाजार विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़े थे लेकिन सफलता नहीं मिली थी। उसके बाद कांग्रेस में लगातार काम करते रहे। 1996 में कांग्रेस का दामन छोड़कर सपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक दीक्षित, पूर्व अध्यक्ष सिंहासन गिरी के साथ सैकड़ों अधिवक्ताओं के अलावा सपा के जिलाध्यक्ष दिलीप यादव,अशोक यादव ने श्री दास को श्रद्धाजंलि अर्पित की है।