सपा प्रमुख और अमर सिंह के बीच बहुत शानदार रिश्ता है- मनीष तिवारी

नई दिल्ली, राज्यसभा सांसद अमर सिंह को सपा का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने के मुलायम सिंह यादव के फैसले पर कांग्रेस ने कहा कि सपा प्रमुख और अमर सिंह के बीच परस्पर समन्वय वाला और साथ ही बहुत शानदार रिश्ता है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने यह भी स्पष्ट कहा कि सपा किसी को भी किसी पद पर नियुक्त करे, यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। तिवारी ने कहा, मुलायम सिंह और अमर सिंह के बीच परस्पर समन्वय वाला और साथ ही बहुत शानदार रिश्ता है। अपने बेटे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक और झटका देते हुए सपा प्रमुख मुलायम ने अमर सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त कर दिया। करीब छह साल पहले उन्हें पार्टी और इसी पद से हटाया गया था। एक समय पार्टी का चेहरा रहे अमर सिंह मुलायम के सबसे करीबी सहयोगी माने जाते थे। हालांकि, अमर सिंह और उनकी सहयोगी जया प्रदा को फरवरी 2010 में सपा से निष्कासित कर दिया गया था।