सपा सरकार आने पर रिवर फ्रंट पर लगेगी सम्राट अशोक की प्रतिमा : अखिलेश यादव

लखनऊ, सम्राट अशोक की जयंती पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार आने गोमती रिवर फ्रंट पर सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा लगाकर उन्हें सोने के सिंघासन पर प्रतिष्ठित किया जायेगा। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान धुरंधर-2 में ल्यारी गैंग के पोस्टर में अखिलेश यादव की फोटो लगी होने पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग किसी की छवि को खराब करने के लिए करोड़ो रुपये खर्च कर रहे हैं। जब फिल्म बनाने वाला ही कह रहा है कि वह काल्पनिक है तो उसे सच क्या मानना। उन्होंने कहा कि सुनने में आया है कि अपनी जो फिल्म पालिसी है, ओटीपी पॉलिसी है, उसके तहत मिर्जापुर के बाद गांजा गंज बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो अपने मुकदमे स्वयं वापस लेता हो, उससे बड़ा माफिया कौन है। इस समय जितने माफिया हैं, सब भारतीय जनता पार्टी के हैं।
प्रदेश में एलपीजी की किल्लत को लेकर उन्होंने कहा,“ भाजपा ने लोगों को लाइनों में लगाने के अलावा किया ही क्या है। अब मैं देख रहा हूं कि लोग पेट्रोल के लिए भी लाइनों में लगे हुए हैं। पहले खाद के लिए किसान लाइन में लगे। सरकार ने एलपीजी संकट को लेकर कुछ भी तैयारी नहीं की। अब तो 14 किलो का सिलिंडर भी 10 किलो का आ रहा लेकिन उससे भी ज्यादा ली जा रही है। यूपी में एलपीजी का मतलब लापता गैस है।”
अखिलेश यादव ने कहा कि गैस न मिलने से लोगों को खाना बनाने के लिए गैस और चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक कचौरी एक समोसा अब गैस पर न रहा भरोसा। सुना है कोयले पर चाय और रोटी अच्छी बनती है। कई लोग स्मोक्ड फूड पसंद करते हैं। हमने शुरू में ही बोला था कि कंडे, उपले और लकड़ी की व्यवस्था कर लो। हमने तो 2 चूल्हे भी मंगवा लिए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने संसद में कोरोना का जिक्र किया है तो उनके पास जानकारी होगी। पड़ोसी देशों ने एनर्जी सेविंग के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जब तक भाजपा रहेगी देश को आत्मनिर्भर नहीं बनने देगी। उन्होंने यूपी सरकार के दिए गए बयान कि गैस की कोई कमी नहीं है पर कहा कि योगी की बातों में न आएं उनकी चलाचली की बेला है। वो योगी नहीं हैं। उन्होंने शंकराचार्य का अपमान किया है उनसे सावधान रहें।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार निवेश के बड़े-बड़े दावे करती है। सुबह सुबह सीएम का ट्वीट अंग्रेजी में आया। कुछ दिन पहले उनकी पोल एक एमओयू को लेकर खुल गई। पूरे देश में उनकी चर्चा हुई। हम सभी एमओयू की जांच की मांग करते हैं। एमओयू करने वाली कंपनी का कोई फाइनेंशियल बैकग्राउंड नहीं है। भाजपा का राज इवेंट पर चलता है।
उन्होंने कहा कि हिटलर राज में एक प्रोपेगेंडा मंत्री था लेकिन भाजपा सरकार में केंद्र और प्रदेश के सभी मंत्री प्रोपोगेंडा मिनिस्टर हैं। सभी खुद को पीएम समझते हैं। नवरात्र खत्म हो रहे हैं लेकिन भाजपा अभी उधेड़बुन में है कि किसे मंत्री बनाएं। अब सरकार का कार्यकाल खत्म हो रहा है। भाजपा के लोग पीडीए से डरे हुए हैं सपा पीडीए को जोड़कर आगे बढ़ने जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने के लिए महिलाओं के आरक्षण की बात कर रही है। इन लोगों ने यूपी विधानसभा और लोकसभा में कितनी महिलाओं को टिकट दिया। बंगाल व आसाम में कितनी महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। अब ध्यान भटकाने के लिए नई चीज लेकर आ रहे हैं जिससे उस पर बात हो।
उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि सभी जातियों की गिनती हो और उसी अनुपात में आरक्षण मिले। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार आने पर महिलाओं के लिए स्त्री सम्मान समृद्धि योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत हर महिला को सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।
29 मार्च को दादरी से चुनावी जनसभा शुरू करने को लेकर उन्होंने कहा कि जहां से रैली शुरू हो रही है, वहां से राज्यसभा सांसद, एमएलसी कई बार समाजवादियों के बने हैं। इस बार सबसे अच्छा परिणाम वहीं से आने वाला है, इसलिए शुरुआत भी वहीं से होगी। जेवर एयरपोर्ट को लेकर उन्होंने कहा कि 28 को उनकी जनसभा होगी, 29 के लिए हमने परमिशन मांगी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अमेरिका, इस्राइल और ईरान युद्ध में भारत ने विश्वगुरू बनने का मौका खोया है। हमने दोनों देशों से बड़ा व्यापार किया है। व्यापार के साथ डिप्लोमेसी चलती है। अगर युद्ध को रोकने में वह कामयाब हो जाते तो शायद दुनिया में हम विश्व गुरु बन जाते।
एक दिन पूर्व रुक्मणी निषाद को महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने पर उन्होंने कहा कि हमें खुशी इस बात की बड़े पैमाने पर समाजवादी पार्टी को बधाई वीडियो और सोशल मीडिया पर भी पार्टी संदेश आ रहे हैं। आधी आबादी का नेतृत्व करती है उनका परिवार दुखऔर अपमान को देखा है।
पूजा पाल के हालिया बयान को लेकर उन्होंने कहा कि पूजा पाल, योगी जी को समझ ही नहीं पाती हैं। धुरंधर से भी बड़े धुरंधर हैं वो। भाजपा के पास पाल नेता कोई नहीं है, इसलिए हमारे पार्टी की विधायक को गुमराह करके ले गए हैं। समाजवादी पार्टी के वोट से वह विधायक बनी है और पैसा कहां खर्च हो रहा है। उन्होंने कहा कि वहां असली लड़ाई यह चल रही है कौन सी विधानसभा से लड़ेंगी और जहां से लड़ेंगी, वहां हमारे प्रदेश अध्यक्ष भी बड़े पैमाने पर वहां काम करेंगे।





