समाजवादियों के इतिहास को जानना जरूरी है- मुलायम सिंह यादव

mulayamलखनऊ,  उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि समाजवादियों के इतिहास को जानना जरूरी है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समाजवादी विकास रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने ये बातें कही। इस मौके पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को खड़ा करने में काफी मेहनत करनी पड़ी है। त्याग और बलिदान के बाद सपा जैसी पार्टी बनी है। समाजवादियों के इतिहास को जानना जरूरी है। पार्टी को खड़ा करने लिए आंदोलन के दौरान काफी लाठियां खाई हैं।

मुलायम सिंह ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि सिर्फ नारों से काम नहीं चलेगा। ये जवानी किसके नाम, अखिलेश भैया तेरे नाम। इस तरह के नारों से काम नहीं चलेगा। चुनाव जीतना है और सरकार बनानी है तो जमकर मेहनत करनी पड़ेगी। इसके लिए सबको तैयार रहना होगा। मुलायम सिंह ने हालांकि एकबार फिर शिवपाल यादव के योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को खड़ा करने में शिवपाल ने जितना योगदान दिया है, उतना किसी का नहीं है। वह खुद रात को देर से आते थे और पार्टी के काम के लिए सुबह जल्दी चले जाते थे।

अखिलेश की रथयात्रा को शुभकामनाएं देते हुए मुलायम ने कहा, अच्छी बात है कि रथयात्रा निकल रही है। मैं इस रथयात्रा को शुभकामनाएं देता हूं। लेकिन, साथ ही यह भी कहना चाहता हूं कि इस रथयात्रा का नाम उल्टा रखा गया है। इसका नाम विकास से विजय की ओर होने की जगह विजय से विकास की ओर होना चाहिए था। विजय शब्द को पहले रखना चाहिए था। लखनऊ स्थित लॉ मार्टिनियर ग्राउंड से मुलायम ने विकास से विजय की ओर रथयात्रा को रवाना किया।

 

Related Articles

Back to top button