समाजवादी पार्टी गठबंधन नहीं करेगी, इच्छुक दल विलय करें -मुलायम सिंह

mulayam singhलखनऊ, समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने आज एलान कर दिया है कि उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव में उनकी पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होने कहा कि सपा केवल विलय की इजाजत देगी। इसके अलावा किसी से भी हम कोई तालमेल नही करेंगे।

मुलायम सिंह ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि सपा विधानसभा चुनाव में किसी दल से गठबंधन नही करेगी और अपने बूते चुनाव मैदान में उतरेगी।’ लालू-नीतीश के साथ महागठबंधन बनाने के सवाल पर मुलायम ने कहा कि इनके साथ भी समाजवादी पार्टी गठबंधन नहीं करेगी। अगर लालू-नीतीश को साथ आना है तो सपा में विलय करें।  उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पहले लिये गये फैसले पर हम आज भी अडिग है।

गठबंधन के सवाल पर, कल मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा दिये गये बयान पर मुलायम सिंह यादव ने टिप्पणी करने से साफ इंकार कर दिया। मुख्यमंत्री ने कल कहा था कि महागठबंधन बनने की दशा में पार्टी को 300 सीटों मिल सकती हैं। मुलायम सिंह यादव ने कहा ‘इस राजनीतिक मुद्दे पर मैं बाद में विस्तृत जानकारी दूंगा। सपा मुखिया ने भी कल नई दिल्ली में जनता दल (यू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं से मुलाकात की थी। मुलायम सिंह यादव ने कल रालोद अध्यक्ष अजित सिंह और जनता दल (यू) अध्यक्ष शरद यादव से नई दिल्ली में गठबंधन की संभावनाओं को लेकर मुलाकात की थी।



Related Articles

Back to top button