समाजवादी हर आस्था पर आस्था रखते हैं: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है और समाजवादी लोग हर आस्था पर आस्था रखते हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चाहती है कि लोगों में दूरियां बनी रहे। भाजपा हर जोड़ने वाली चीज से चिढ़ती है। भाजपा नकारात्मक लोगों का समूह है। भाजपा जो कर रही है, वह सभी लोग जानते है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है।
उन्होने कहा कि भाजपा पीडीए के खिलाफ है। समाजवादी सरकार में बुनकरों और पसमांदा मुसलमानों के लिए जो काम हुए थे, भाजपा सरकार ने सब रोक दिए। समाजवादी पीडीए से सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली की स्थिति बहुत खराब है। भाजपा सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया। प्रदेश में बिजली की भारी कमी है। बिजली मंत्री जहां-जहां जा रहे है, वहां-वहां बिजली चली जाती है। स्थितियां खराब है।
बिहार में मतदाता सूची पर चुनाव आयोग की कार्यवाही को लेकर श्री यादव ने कहा कि बिहार में मतदाता सूची के मुद्दे पर विपक्ष एकजुट है। चुनाव आयोग पर समय-समय पर उंगली उठी है। उत्तर प्रदेश के उप चुनाव में हुई धांधलियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने कई बार आवाज उठायी है। उप चुनाव में बड़े पैमाने पर बेईमानी हुई। चुनाव आयोग आंखे बंद किए रहा। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि किसी का वोट न कटे। हर वोटर का नाम वोटर लिस्ट में शामिल हो। ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान करें।