सरदार पटेल का जो रास्ता था, वही पीडीए का रास्ता है : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “सरदार पटेल का जो रास्ता था, वही पीडीए का रास्ता है। भाजपा सरकार पटेल के विचारों से खिलवाड़ कर रही है।
उन्होंने कहा कि आरएसएस पर खुद पटेल ने प्रतिबंध लगाया था, क्योंकि वह नफरत फैलाती थी। भाजपा भी उसी राह पर चल रही है। भाजपा देश की एकता के लिए खतरा है और उसने देश को कमजोर किया है।
शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय लखनऊ सहित सभी जिला कार्यालयों में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस और समाजवादी आंदोलन के जनक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती के रूप में मनाया गया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया।
इस मौके पर प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “हम सब आज लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती मना रहे हैं। उन्होंने रियासतों को भारतीय संघ में मिलाकर देश को एक किया। वे देश की एकता और अखंडता के प्रतीक थे। आज हमें उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सरदार पटेल के नाम पर एक आधुनिक तकनीकी विश्वविद्यालय बनाया जाएगा ताकि युवाओं को नए युग की शिक्षा मिल सके।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार पटेल ने जहां भारत की सीमाओं को जोड़ा, वहीं भाजपा सरकार में देश की सीमाएं सिकुड़ रही हैं। “चीन हमारी जमीन पर कब्जा कर रहा है और भाजपा सरकार उसी के साथ व्यापार बढ़ा रही है। केन्द्र सरकार बताए कि 2014 में भारत का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना बचा है,”।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विदेश नीति, आर्थिक नीति और सुरक्षा हर मोर्चे पर विफल है। “अमेरिका भारत के व्यापार पर टैरिफ लगा रहा है और उसके राष्ट्रपति प्रधानमंत्री पर अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार के पास कोई जवाब नहीं है।





