Breaking News

सहायक उपकरण होने पर सामान्य दिनचर्या की तरफ बढ़ सकते हैं दिव्यांग: CM योगी

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि जब किसी दिव्यांग के पास सहायक उपकरण होते हैं तो वह खुद को पूर्ण मानते हुए सामान्य दिनचर्या की तरह जीवन को बढ़ा सकते हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर श्री योगी अटल स्वास्थ्य मेला-3 ‘सेवा ही सरकार’ में शामिल हुए। दो दिवसीय मेले के समापन पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों को कंबल, ट्राई साइकिल, व्हील चेयर समेत जरूरतमंद उपकरण वितरित किए।

उन्होने कहा कि पूरा देश लखनऊ के गौरव श्री अटल बिहारी वाजेपयी की जयंती पर उनसे जुड़ी स्मृतियों का स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। आगामी दिनों में लखनऊ में बड़े आयोजन होने हैं। प्रदेश व लखनऊवासियों को इससे जुड़ने की मानसिकता तैयार करनी होगी। सबसे पहला कार्यक्रम फरवरी 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होने जा रहा है। दस हजार से अधिक उद्यमियों व निवेशकों के स्वागत के लिए हमें तैयार होना होगा। इसके जरिए लाखों करोड़ों रुपये का निवेश आएगा और लाखों नौकरियों का अवसर मिलेगा।

जी-20 से जुड़े कुछ आयोजन भी लखनऊ में होने हैं। इससे जुड़ना हर लखनऊवासियों के लिए गौरव की बात है। लखनऊ से अटल जी की स्मृतियां जुड़ी हैं। उन्होंने सांसद के रूप में 5 बार लखनऊ का प्रतिनिधित्व किया था। वे जनप्रतिनिधि लखनऊ के थे, लेकिन नेतृत्व पूरे देश का करते थे। यह लखनऊ के लिए यह गौरव की बात है। आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पूरे देश को सुरक्षा का बेहतर माहौल देकर अटल जी की विरासत को बढ़ा रहे हैं।

उन्होने सभी को नव वर्ष 2023 की शुभकामना दी और कहा कि यह वर्ष शुभ व मंगलकारी होगा। भारत को दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में स्थापित करने के पीएम मोदी के अभियान के हिस्से बनकर फिर से यूपी को देश की बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में बढ़ाने का कार्य करेंगे। लखनऊ रक्षा मंत्री की कर्मभूमि है। उनके नेतृत्व में लखनऊ व प्रदेश विकास की जिस नई ऊंचाइयों को प्राप्त हो रहा है, वह निरंतर बढ़ता रहेगा।