सहारनपुर, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सहारनपुर जनपद के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कहा कि सहारनपुर में विकास की अपार संभावनाएं हैं।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यहां सर्किट हाउस सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने उन्हें काष्ठ से निर्मित गणेश जी की मूर्ति भेंट की। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, हर घर नल से जल, विद्युत, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण आदि की बिन्दुवार समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में विकास की अपार संभावनाएं है। सभी अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें और सहारनपुर को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाएं। जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता दें। फसलों को बचाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों पर बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आमजन के साथ बेहतर व्यवहार करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि गांवों की गली ग्रामीणों के लिए हाइवे होती है, जहां पर पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़के तोड़ी गई हैं उनको गुणवत्तापरक तरीके से रिस्टोर किया जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव-गांव जाकर विजिट कर सर्वे करें और सुनिश्चित कराएं कि योजनाओं का लाभ पात्रों को मिले। उन्होंने बिजली विभाग को निर्देशित किया कि चेकिंग अभियान चलाकर लाइन लॉस कम किया जाए।
उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों को नई फसलों के प्रति जागरूक करें। फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए प्रयास किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आवासीय योजनाओं में निराश्रित एवं दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जाए। राजस्व वसूली को बढ़ाने के संबंध में कार्य करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। समीक्षा बैठक में महापौर डॉक्टर अजय सिंह, विधायक नगर राजीव गुंबर, विधायक नकुड मुकेश चौधरी, विधायक गंगोह कीरत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ0 अर्चना द्विवेदी,जिलाध्यक्ष महेन्द्र सैनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।