सिंगापुर की कंपनी एपी मोलर–मार्स्क के प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात

लखनऊ, सिंगापुर स्थित विश्व की अग्रणी इंटीग्रेटेड कंटेनर लॉजिस्टिक्स कंपनी एपी मोलर–मार्स्क के मैनेजिंग डायरेक्टर रेने पील पेडरसन ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में निवेश के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पेडरसन के साथ विवेक शर्मा, हेड–बिजनेस डेवलपमेंट एंड रेगुलेटरी अफेयर्स (भारत, बांग्लादेश एवं श्रीलंका क्षेत्र) भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश में उपलब्ध व्यापक निवेश संभावनाओं, उद्योग-अनुकूल माहौल और राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों में शामिल है और यहां निवेशकों के लिए सुरक्षित, स्थिर और पारदर्शी वातावरण सुनिश्चित किया गया है। उन्होने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम, समयबद्ध स्वीकृतियां, नीति-आधारित प्रोत्साहन और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के माध्यम से सरकार निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहा व्यापक एक्सप्रेसवे नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स हब, औद्योगिक कॉरिडोर और आधुनिक अवसंरचना उत्तर प्रदेश को एक आकर्षक निवेश गंतव्य बना रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी ने एपी मोलर–मार्स्क को प्रदेश में अपने निवेश विस्तार के लिए आमंत्रित करते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आवश्यक भूमि, बेहतर कनेक्टिविटी और सभी नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर विवेक शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश अवसरों और यहां के निवेश-अनुकूल वातावरण को लेकर हमारी बहुत सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। हमारी कंपनी पिछले 20 वर्षों से उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान हमें कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार-मुक्त माहौल और राज्य सरकार से मिले सहयोग के बेहद सकारात्मक अनुभव रहे हैं। भविष्य में हम उत्तर प्रदेश में अपने परिचालन को और विस्तार देने के लिए नए निवेश अवसरों को तलाशने के इच्छुक हैं।





