Breaking News

सिद्दारमैया के साथ है पार्टी एकजुट होकर खड़ी: कांग्रेस

नयी दिल्ली,  कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत कठपुतली बनकर मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के नेतृत्व वाली चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का काम कर रहे हैं और पार्टी इसके खिलाफ एकजुट होकर लड़ेगी।

कांग्रेस के कर्नाटक के प्रभारी महासचिव रणदीपसिंह सुरजेवाला, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिव कुमार ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री के साथ एकजुट होकर खड़ी है और भाजपा की साजिश के खिलाफ मिलकर लड़ेगी।

पार्टी नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ साजिश चल रही है और कर्नाटक की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस इसके खिलाफ मजबूती से तथा एकजुट होकर लड़ेगी और इस लड़ाई को जनता की अदालत के साथ ही कानूनी स्तर भी लड़ेगी। उन्होंने इसे केंद्र सरकार द्वारा कर्नाटक की जनता के खिलाफ हमला बताया और कहा कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत केंद्र की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं और चुनी हुई सरकार के खिलाफ साजिश की जा रही है। इसमें केंद्र सरकार के साथ ही जनता दल-एस भी शामिल है और कांग्रेस इसका मजबूती से जवाब देगी।

इससे पहले इन नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल के साथ राज्य की राजनीतिक स्थिति पर विचार विमर्श किया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के खिलाफ जमीन से जुड़े मामले में राज्यपाल ने मुकदमा चलाने की अनुमति दी है जिसके कारण भाजपा मुख्यमंत्री से इस्तीफा की मांग कर रही है लेकिन कांग्रेस का कहना है कि पार्टी मुख्यमंत्री के साथ खड़ी है इसलिए मुख्यमंत्री इस्तीफा नहीं देंगे।