सीएम प्रगति पोर्टल से सभी विभागों के विकास कार्यों पर रहेगी पैनी निगाह: रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि सभी प्रमुख परियोजनाओं की सतत और गहन निगरानी सीएम प्रगति पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
रेखा गुप्ता ने आज यहां प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में बजट 2026-27 में घोषित प्रमुख योजनाओं, उनकी प्रगति और समय-सीमाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट कहना था कि राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने के लिए बेहतर व प्रभावी कार्य किए जाने आवश्यक है ताकि तय समय में दिल्ली का रूप-रंग निखर सके और दिल्लीवासियों को उस पर गर्व हो। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख परियोजनाओं की सतत और गहन निगरानी सीएम प्रगति पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इस पोर्टल पर प्रत्येक विभाग को अपने प्रोजेक्ट्स की प्रगति, तय समय-सीमा और आगामी चरणों का नियमित अपडेट करना होगा ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा सके।
उन्होंने कहा कि समय पर विकास कार्यों से ही दिल्ली का तेजी से विकास संभव है। सरकार की सभी प्रमुख परियोजनाओं की सतत और गहन निगरानी सीएम प्रगति पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इस पोर्टल पर प्रत्येक विभाग को अपने प्रोजेक्ट्स की प्रगति, तय समय-सीमा और आगामी चरणों की नियमित अपडेट दर्ज करनी होगी, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा सके। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के माध्यम से न केवल विभागीय स्तर पर पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि उच्च स्तर पर भी परियोजनाओं की प्रगति की प्रभावी समीक्षा संभव होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे 15 दिन, 20 दिन और एक माह जैसे अल्पकालिक लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित कर पोर्टल पर अपडेट करें, जिससे समयबद्ध तरीके से कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके और किसी भी प्रकार की देरी को समय रहते चिन्हित कर दूर किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने लक्ष्यों और समय-सीमाओं को गंभीरता से निर्धारित कर उसी के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति को समाप्त करना होगा और शिलान्यास के साथ ही समय पर पूर्णता की दिशा में ठोस प्रयास करने होंगे।




