Breaking News

सुभासपा को तोड़कर इस नेता ने बनायी सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी

मऊ,  सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे बागी नेता महेंद्र राजभर ने मंगलवार को नई पार्टी के गठन का ऐलान कर दिया।

महेंद्र राजभर ने यह घोषणा करते हुए बताया कि उनके दल का नाम सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी रखा गया है। हाल ही में महेंद्र राजभर ने सुभासपा में चल रहे आंतरिक गतिरोध के बीच पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से नाराज चल रहे पार्टी के तमाम नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता भी महेन्द्र राजभर के साथ नये धड़े से जुड़ गये हैं।

बीते 5 सितंबर को महेंद्र राजभर ने अपने 30 कार्यकर्ताओं के साथ मीडिया के सामने सुभासपा की टोपी उतारकर इस्तीफा दे दिया था। इस दौरान महेंद्र राजभर ने ओमप्रकाश राजभर पर पार्टी को उसकी नीतियों से भटकाने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि ओमप्रकाश राजभर परिवारवाद की राह में आगे बढ़ रहे हैं। वह राजभरों की कमाई और मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। महेंद्र राजभर के इस्तीफे के बाद जिले में अलग-अलग स्थानों पर तमाम कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दिया था।

इस तमाम राजनीतिक उठापटक के बाद कार्यकर्ताओं की मंत्रणा से मंगलवार को महेंद्र राजभर ने नई पार्टी के गठन का ऐलान कर दिया। उन्होंने नयी पार्टी के गठन का ऐलान करने के लिये यहां गाजीपुर तिराहे पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की थी लेकिन कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिली तो सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर उन्होंने पार्टी के गठन की घोषणा की।

प्रशासन से अनुमति न मिलने के लिये भी महेंद्र राजभर ने ओमप्रकाश राजभर पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ओपी राजभर के दबाव में सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने उन्हें कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। महेंद्र राजभर ने दावा किया कि सुभासपा के प्रदेश स्तर के कई कार्यकर्ता उनकी पार्टी का दामन थामने वाले हैं। इसके चलते ओपी राजभर ने कार्यक्रम को स्थगित करने की चाल चली है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर की जमीन खिसक रही है क्योंकि वह अपने मकसद से भटक गए हैं।