सुलतानपुर में इंटर की छात्रा ने कुएं में लगाई छलांग, मौत

सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में एक छात्रा ने रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से कुएं में छलांग लगा दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उसे एक घंटे के रेस्क्यू के बाद बाहर निकाला। छात्रा को एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक छात्रा की पहचान मिश्रौली निवासी पंकज मिश्रा की बेटी नैंसी मिश्रा (18) के रूप में हुई है। घटना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कुएं में कांटा डालकर काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। छात्रा को बाहर निकालने के बाद तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नैंसी के पिता पंकज मिश्रा परिवार के पालन-पोषण के लिए मुंबई में नौकरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी नीतू मिश्रा और दो छोटे भाई-बहन प्रियांशी और आयुष रहते हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। नैंसी ने हाल ही में इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा दी थी और परिजन उसके परिणाम का इंतजार कर रहे थे।





