सेशेल्स राष्ट्रपति 10 फरवरी को देखेंगे ताजमहल, तीन घंटे बंद रहेगा स्मारक

आगरा, सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी अपनी पत्नी वेरोनिक हर्मिनी के साथ मंगलवार 10 फरवरी को ताजमहल का दीदार करेंगे। उनके आगमन के मद्देनज़र ताजमहल को सुबह 9 बजे से लगभग तीन घंटे तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति विशेष विमान से खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से कार द्वारा शिल्पग्राम जाएंगे और शिल्पग्राम से इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट के माध्यम से ताजमहल के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंचेंगे। उनका ताजमहल में प्रवेश प्रातः लगभग 9:30 बजे प्रस्तावित है। इस दौरान किसी भी सामान्य पर्यटक को स्मारक में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
ताजमहल भ्रमण के उपरांत राष्ट्रपति दंपति विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। डॉ. पैट्रिक हर्मिनी अपनी पत्नी के साथ भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं।




