हंशिका और सारिका को रजत; भारतीय महिला टीम बनी चैंपियन

नयी दिल्ली, सर्बिया के नोवी साद में अंडर-23 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया है और चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया है।
हंशिका लांबा (53 किग्रा) और सारिका (59 किग्रा) ने अपने-अपने भार वर्ग में रजत पदक जीते। दोनों पहलवान फाइनल में पहुंचीं, लेकिन जापानी प्रतिद्वंद्वियों से हार गईं।
अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर, भारतीय महिला कुश्ती टीम ने 125 अंक हासिल करके 2025 अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप की चैंपियन ट्रॉफी जीत ली। अमेरिका 102 अंकों के साथ दूसरे और जापान 92 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवानों ने अपने-अपने भार वर्ग में 5 कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। पदक विजेता इस प्रकार हैं :55 किग्रा: निशु, 57 किग्रा: नेहा शर्मा, 65 किग्रा: पुलकित, 68 किग्रा: सृष्टि, 76 किग्रा: प्रिया
यह भारतीय कुश्ती के लिए गर्व का क्षण है और हमारी युवा महिला पहलवानों की कड़ी मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है।




