Breaking News

हर गांव हर नागरिक तक सरकार संचालित लाभकारी योजनायें पहुंचायें: केशव प्रसाद मौर्य

बरेली, बरेली में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विकासखंड भोजीपुरा नगर पंचायत रिठौरा प्रांगण में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम शुरू कर रविवार को कहा कि कार्यकर्ता हर गांव, हर नागरिक तक सरकार द्वारा संचालित लाभकारी योजनायें पहुंचायें। उन्होंने विकसित भारत संकल्प की शपथ भी दिलाई।

यहां आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य हर गांव हर नागरिक तक केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं। विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी लोगों पहुंचाना है। जिससे कोई भी पात्र किसी भी योजना के लाभ से वंचित ना रहे। उन्होंने समस्त विभागों को निर्देश दिये कि जो भी आवेदन स्टालों के माध्यम से यहां एकत्र किये है या पात्रता सूची में उनका नाम है तो उस विभाग के अधिकारी उन्हें पात्रता के अनुसार लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

उप मुख्यमंत्री ने कृषकों से कहा कि पराली को खेत में ना जलाये और पराली को सम्बंधित कम्पनी को देकर उसका लाभ उठायें। उन्होंने किसानों से अपील की है कि गायों का दूध निकालने के बाद उन्हें खुला ना छोड़े। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियो को निर्देश दिये कि निराश्रित गौवंश को पकड़कर गौआश्रय स्थल में रखा जाये। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो भी गन्ना कृषकों को भुगतान अवशेष है उसे अति शीघ्र भुगतान कराया जाये।

उप मुख्यमंत्री ने प्रांगण में कृषि विभाग, विद्युत विभाग, ग्राम विकास विभाग, राजस्व विभाग, श्रम विभाग, बाल विकास पुष्टाहार, उद्योग विभाग, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम कौशल सम्मान निधि योजना, मिशन शक्ति, महिला एवं बाल विकास विभाग आदि विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।