Breaking News

हिजाब का समर्थन कर महिलाओं की स्‍वतंत्रता छीनने की बात कर रहीं हैं प्रियंका : भाजपा

लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर महिलाओं की आजादी को बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि हिजाब का समर्थन कर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं की स्वतंत्रता छीनने की बात कर रही हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और योगी सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को प्रियंका गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यह टिप्पणी की जिसमें उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी मर्जी से कुछ भी पहन सकती हैं। ये वही कांग्रेस है जो राजस्‍थान की बेटियों व महिलाओं पर होने वाली बर्बरता पर चुप बैठती है और उत्तर प्रदेश में तुच्‍छ राजनीति कर जनता को भड़काने का काम करती है।

उन्‍होंने कहा, “हिजाब का समर्थन कर रहीं प्रियंका उत्तर प्रदेश में ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ नारे से महिलाओं व बेटियों की आवाज को बुलंद करने आई थी। यह दुखद है कि आज प्रियंका हिजाब का समर्थन कर एक विशेष समुदाय की महिलाओं की स्‍वतंत्रता छीनने की बात कर रहीं हैं।”

मुस्लिम महिलाओं के हक की आवाज भाजपा ने हमेशा उठाई है, चाहे वह तीन तलाक का मुद्दा हो या फिर पारिवारिक संपत्ति में उनको हक दिलाने की बात हो।

श्री खन्ना ने कहा, “प्रियंका ने शिक्षण संस्थाओं में हिजाब का समर्थन करके लोगों को बांटने और नफरत वाली राजनीति का भी समर्थन किया है। मैं प्रियंका जी से कहना चाहूंगा कि स्कूल में न चलेगा घूंघट, ना ही चलेगा हिजाब।”

कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठे वादों का विधान पत्र करार देते हुए श्री खन्ना कहा कि जनता कांग्रेस के झूठे वादों से वाकिफ है। पिछले 70 सालों में देश का पैसा विदेशों में खर्च करने वाली कांग्रेस का ‘उन्‍नति विधान’ मिथ्या है।