होली के दौरान यूपी में 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं हाई अलर्ट पर

लखनऊ, होली पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रखा गया है। शासन के निर्देश के बाद सभी एंबुलेंस इकाइयों को विशेष सतर्कता बरतने के आदेश जारी किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 108 डायल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा इएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विस को 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। संस्था के प्रेसीडेंट टीवीएसके रेड्डी ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि 24×7 निर्बाध एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित की जा सके।
त्योहार के दौरान 108 एंबुलेंस को चिन्हित संवेदनशील स्थानों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और थानों के आसपास तैनात रखा जाएगा, जिससे जरूरतमंदों को न्यूनतम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सके। सभी एंबुलेंस में ऑक्सीजन, जीवनरक्षक दवाएं और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है जबकि सड़क दुर्घटना, जलने, हार्ट अटैक, सांस संबंधी समस्या, गर्भावस्था या अन्य किसी भी आपात स्थिति में 108 नंबर पर कॉल कर नि:शुल्क सेवा ली जा सकती है।
वहीं गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष तक के बच्चों के लिए 102 एंबुलेंस सेवा भी 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। वर्तमान में प्रदेश में 108 सेवा की लगभग 2200 तथा 102 सेवा की 2270 एंबुलेंस संचालित हैं।





