Breaking News

1200 से अधिक खिलाड़ी आईपीएल नीलामी के लिए पंजीकृत

मुंबई, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आईपीएल 2022 के लिए मेगा नीलामी के लिए 1214 खिलाड़ियों के पंजीकृत होने की घोषणा की। आईपीएल 2022 सीजन के लिए दो दिन तक होने वाली मेगा नीलामी में 10 टीमें इन खिलाड़ियों के लिए बोली लगाएंगी।

बीसीसीआई के महासचिव जय शाह ने एक बयान में कहा, ” मेगा नीलामी के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण 20 जनवरी 2022 को बंद हो गया। कुल 1214 खिलाड़ियों (896 भारतीय और 318 विदेशी) ने आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी का हिस्सा बनने के लिए पंजीकरण किया है। ” उल्लेखनीय है कि पंजीकृत खिलाड़ियों की सूची में 270 कैप्ड, 903 अनकैप्ड और 41 एसोसिएट खिलाड़ी (318 विदेशी खिलाड़ी सहित) शामिल हैं। मगा नीलामी से पहले कुल 33 खिलाड़ियों को रिटेन किया गया है।

मौजूदा आठ आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने कुल 27 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जबकि दो नई टीमों ने नीलामी से पहले छह खिलाड़ियों को चुना है।

रिटेन किए गए खिलाड़ी :

चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धोनी, रवींद्र जडेजा, मोइन अली, रुतुराज गायकवाड़।

दिल्ली कैपिटल : ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ, एनरिक नोर्त्जे ।

कोलकाता नाइट राइडर्स : आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, वेंकटेश अय्यर, सुनील नारायण।

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, कीरोन पोलार्ड।

पंजाब किंग्स : मयंक अग्रवाल, अर्शदीप सिंह।

राजस्थान रॉयल्स : संजू सैमसन, जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद सिराज।

सनराइजर्स हैदराबाद : केन विलियमसन, अब्दुल समद, उमरान मलिक।

अहमदाबाद टीम द्वारा चुने गए खिलाड़ी : हार्दिक पांड्या, राशिद खान, शुभमन गिल।

लखनऊ टीम द्वारा चुने गए खिलाड़ी : लोकेश राहुल, मार्कस स्टॉयनिस, रवि बिश्नोई।