131 विभूतियों को मिलेंगे पद्म पुरस्कार

लखनऊ, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा कर दी है। इस वर्ष कुल 131 विभूतियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची में पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। ये सम्मान कला, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, चिकित्सा, साहित्य-शिक्षा, खेल, कृषि और पुरातत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की सूची के अनुसार इस वर्ष उत्तर प्रदेश से पद्म भूषण की श्रेणी में किसी भी विभूति को शामिल नहीं किया गया है। वहीं कला जगत की प्रख्यात विभूति एन. राजम को पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा गया है। कला के क्षेत्र में डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी और चिरंजी लाल यादव को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया है। विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अशोक कुमार सिंह को पद्मश्री सम्मान मिला है। पुरातत्व के क्षेत्र में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और शोध कार्यों के लिए बुद्धा रश्मि मणि को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।
चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए केवल कृष्ण ठकराल, राजेन्द्र प्रसाद और श्याम सुंदर को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया है। साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में मंगला कपूर, खेल जगत में प्रवीण कुमार तथा कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रघुपत सिंह को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया है।
पद्मश्री से सम्मानित डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय रंगमंच, फिल्म और सीडीआरआई से जुड़े अपने सहयोगियों को दिया। गृह मंत्रालय के अनुसार पद्म पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे।





