
नयी दिल्ली, विपक्ष के संसदीय दल के नेताओं की गुरुवार को संसद भवन परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री के जवाब तथा अन्य मुद्दों को लेकर रणनीति बनाने पर चर्चा हुई।
बैठक संसद भवन परिसर में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के चेंबर में हुई जिसमें संसद में सभी दलों ने एकजुट होकर सरकार को घेरने की रणनीति पर गहन विचार विमर्श किया। बताया जाता है कि इसमें प्रधानमंत्री के जवाब के समय की प्रतिक्रिया के बारे में विशेष चर्चा हुई।
बैठक में श्री खरगे के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी राज्यसभा में द्रमुक के त्रिचू शिवा, समाजवादी पार्टी की रामगोपाल वर्मा, शिव सेना उद्धव गुट के अरविंद सावंत, आरएसपी के एक के प्रेमचंद्रन, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी बशीर अहमद सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया।
बाद में कांग्रेस सांसद दल के नेताओं की भी पार्टी के सांसद दल के कार्यालय में बैठक हुई जिसमें श्री गांधी सहित पार्टी के कई नेताओं ने हिस्सा लिया।





