20 साल पुरानी घटना निकाल कर किया जा रहा शंकराचार्य का अपमान : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर शंकराचार्य को जानबूझकर अपमानित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर 20 साल पुरानी घटना को सामने लाकर धार्मिक संत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

रविवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब किसी शंकराचार्य को माघ मेले में गंगा स्नान करने से रोका गया। उन्होंने बताया कि शंकराचार्य कई दिनों तक कड़ाके की ठंड में धरने पर बैठे रहे, जो सनातन परंपरा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सनातन व्यवस्था में संतों और शंकराचार्यों को हमेशा सम्मान मिला है, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा है।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा शंकराचार्य से जुड़े कथित यौन शोषण मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार राजनीतिक द्वेष के चलते पुराने मामलों को उछाल रही है। उन्होंने कहा कि अगर यह(शिकायतकर्ता) उनका(रामभद्राचार्य) शिष्य है तो मुझसे गलती हुई है कि मैंने कभी रामभद्राचार्य पर जो मुकदमा था वह वापस लिया था, मुझे उन्हें जेल भेज देना चाहिए था।

उन्होंने यह भी कहा कि विचारों में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन इस स्तर तक जाकर आरोप लगवाना उचित नहीं है। इसलिए मैं कह रहा हूं कि यह सरकार अब बचने वाली नहीं है।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव से पहले प्रदेश का माहौल खराब करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा से जुड़े लोग समाज में तनाव फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक और फर्जी वीडियो प्रसारित करते हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले भी मंदिर में मांस फेंकने जैसी घटनाओं में भाजपा कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें जेल जाना पड़ा था। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

एआई समिट पर उन्होंने कहा कि “मैं अपने लीडर और अपोजिशन की बात जोड़ता हूं, जो रोबोट है वह दिखता कैसा है। मुख्यमंत्री बिष्ट साहब जापान जा रहे हैं। जापान का भी एक डॉग दुनिया में बहुत फेमस हुआ था।उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप हमारी समस्याओं का समाधान करने के लिए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हमसे बहुत आगे हैं।”

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा ” गोमती को लेकर सीरियस टॉक और डिस्कशन हो रहा है। अखबारों में चर्चा है कि गोमती के दूषित पानी से कितने लोग बीमार हो रहे हैं, अन्य बीमारियां भी बढ़ रही हैं। हमने हिंडन नदी साफ करने जैसी व्यवस्थाएं शुरू की थीं, लेकिन ये विकास से नफरत करते हैं। उन्होंने कहा कि फर्स्ट शो अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछा रहे हैं, जो भ्रष्टाचार की पाइपलाइन है। बुंदेलखंड से सीधे लखनऊ तक पाइपलाइन जा रही है। मुख्यमंत्री जापान जा रहे हैं, लेकिन क्योटो नहीं क्योंकि बुलेट ट्रेन की कीमत पहले 1 करोड़ थी, अब 2 करोड़ हो गई है।”

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब सरकार की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में बदलाव निश्चित है।

Related Articles

Back to top button