2024 में मोदी की जीत के लिए वोट चोरी के जरिये की गई हेराफेरी: अजय राय

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वाराणसी में 2024 के लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत सुनिश्चित करने के लिए वोट चोरी के ज़रिए हेराफेरी की।

अजय  राय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रविवार देर शाम को दावा किया कि चुनाव में फ़र्ज़ी मतदान, मतदाता सूची में छेड़छाड़ और भाजपा के पक्ष में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके हेराफेरी की गई। उन्होंने दावा किया, “मोदी जी काशी से नहीं जीते, उनकी जीत वोट चोरी और बेईमानी से सुनिश्चित की गई थी। विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पेश किए गए सबूत साबित करते हैं कि सरकार धांधली के ज़रिए बनाई गई थी। मतदाता सूची में फ़र्ज़ी नाम जोड़े गए और वोट डालने के लिए बाहरी लोगों को लाया गया।”

अजय  राय ने कहा कि इस गड़बड़ी ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित की, और निष्पक्ष चुनाव में, भाजपा को वाराणसी में स्थानीय निकाय चुनाव जीतने में संघर्ष करना पड़ेगा। चुनाव आयोग ने इन उल्लंघनों को नज़रअंदाज़ किया, विपक्ष के साथ डिजिटल मतदाता सूची साझा करने से इनकार कर दिया, और अब विपक्षी दलों से सबूत पेश करने वाले हलफ़नामे मांग रहा है।

उन्होंने कहा कि एक दिन सच्चाई सामने आएगी, और इसमें शामिल लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा ।उन्होंने राहुल गांधी के इस बयान को दोहराते हुए कहा कि “किसी भी भ्रष्ट व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष को डिजिटल मतदाता सूची क्यों नहीं दी जा रही है। सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्ड क्यों मिटाए जा रहे हैं। मतदाता सूची में हेरफेर क्यों किया गया और फ़र्ज़ी मतदान की अनुमति क्यों दी गई।

चुनाव को ‘संविधान और लोकतंत्र के साथ धोखाधड़ी’ बताते हुए, राय ने कहा कि भाजपा ने दावा किया था कि वाराणसी में उसकी जीत का अंतर 10 लाख वोटों का होगा, लेकिन अंततः, प्रधानमंत्री मोदी केवल 1.5 लाख वोटों से जीते।

Related Articles

Back to top button