2047 तक विकसित भारत का सपना युवा ही करेंगे पूरा : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

लखनऊ, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार की शाम लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में आयोजित स्काउट एंड गाइड जंबूरी के समापन समारोह में कहा कि देश की कुल आबादी का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा ऐसे युवाओं का है, जिनकी उम्र 35 वर्ष से कम है। उन्होंने कहा कि यही युवा भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करेंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि जंबूरी जैसे आयोजन देश की एकता, अखंडता और विविधता का संदेश देते हैं। युवाओं में अनुशासन, सामूहिकता और सेवा-भाव जागृत करते हैं। उन्होंने यह भी सराहा कि आपदा और संकट के समय स्काउट-गाइड सबसे पहले समाज की मदद के लिए आगे खड़े दिखाई देते हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु ने युवा प्रतिभागियों से कहा कि भारत का भविष्य उनके संकल्प, ऊर्जा और समर्पण पर निर्भर करता है। यदि युवा वर्ग दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ेगा, तो 2047 तक विकसित भारत का सपना अवश्य पूरा होगा।
सुश्री मुर्मु ने कहा कि स्काउट गाइड का आदर्श वाक्य है – तैयार रहो। इसका अर्थ है कि आपको भविष्य में आने वाली सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना है। आपको अपने अंदर वह क्षमता विकसित करनी है जिससे समय आने पर किसी भी चुनौती का बिना घबराए, दृढ़ता तथा आत्मविश्वास के साथ सामना किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि समय के साथ भारत स्काउट एंड गाइड ने जीवन-कौशल, नेतृत्व, पर्यावरण-जागरूकता और व्यक्तित्व-विकास जैसे कार्यक्रम शुरू करके संगठन को आधुनिक बनाया है। यह संगठन ऐसे युवा तैयार कर रहा है जो सशक्त हैं, संवेदनशील हैं और देश के भविष्य को बेहतर बनाने का संकल्प रखते हैं और उसके लिए कार्य भी करते हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश को 61 वर्ष बाद राष्ट्रीय जंबूरी की मेजबानी का अवसर मिला। 23 से 29 नवंबर 2025 तक चले इस सात दिवसीय शिविर में देश-विदेश से आए लगभग 30 हजार स्काउट, गाइड, रेंजर और रोवर ने भाग लिया।
समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे।





