Breaking News

कुशीनगर में रोपे जायेंगे 28 लाख पौधे, 10 लाख से अधिक पौधे लगाएगा ये विभाग

कुुशीनगर , उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में धरती को हरा-भरा रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए इस मानसून में आबादी के हिसाब से पौधे लगाए जाएंगे। जिले में 28 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे जिसमें 10 लाख से अधिक पौधे अकेले वन विभाग लगाएगा।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शेष पौधों के रोपण की जिम्मेदारी अन्य सरकारी विभागों की होगी। गोरखपुर के बाद मंडल में सर्वाधिक पौधे कुशीनगर में लगाए जाएंगे। धरती की हरियाली बनाए रखने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इस वर्ष जिले में 28 लाख 78 हजार 510 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य है। वन विभाग पर 10 लाख 63 हजार 350 पौधे लगाने की जिम्मेदारी है, जबकि अन्य सरकारी विभाग (पंचायती राज, शिक्षा, राजस्व विभाग, पुलिस, रेलवे, नगर पालिका, ग्राम विकास, उद्यान, स्वास्थ्य, कृषि, श्रम विभाग, उद्योग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, विद्युत, प्राविधिक शिक्षा, पशुपालन आदि) मिलकर 18 लाख 15 हजार 160 पौधे लगाएंगे।

उन्होने बताया कि यह पौधे छायादार व फलदार होंगे, जिससे लोगों को फल भी प्राप्त हो सके। लक्ष्य मिलने के बाद संबंधित विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पौधे जुलाई से सितंबर तक लगाए जाएंगे। इस बार गोरखपुर मंडल में एक करोड़ 17 लाख 15 हजार 910 पौधे लगाए जाएंगे।
डीएफओ डॉ. बोनिक चंद्र ब्रह्मा ने बताया कि पौधरोपण सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। पहली रिपोर्ट सवा छह बजे ली जाएगी। उसके बाद प्रत्येक घंटे पौधरोपण की प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। यह सूचना डीएफओ ऑफिस में बने कंट्रोल रूम को देनी होगी। विशिष्ट अतिथियों की तरफ से किए जाने वाले पौधरोपण की 40 सेकंड की वीडियो क्लिप बनाई जाएगी। इसके अलावा कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए प्रत्येक पौधरोपण स्थल पर फेस मास्क, सैनिटाइजर, साबुन, पानी, तौलिया और पीने का पानी रखना होगा तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पौधरोपण करना है।

सूत्रों ने बताया कि गोरखपुर में 36 लाख 36 हजार 34, कुशीनगर में 28 लाख 78 हजार 510,देवरिया में 26 लाख 22 हजार 390,महराजगंज में 25 लाख 78 हजार 670 पौधे रोपे जायेंगे।