Breaking News

461 यात्रियों को ले जा रहा जहाज बीच समुद्र में ही हुआ बंद,मचा कोहराम

भावनगर, देश की सबसे बड़ी रो पैक्स यानी यात्रियों और वाहनों को एक साथ ढोने वाली फेरी सेवा के जहाज के इंजन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण आज यह भावनगर के घोघा तट से तीन समुद्री मील दूर अरब सागर से जुड़ी खंभात की खाड़ी में अचानक बंद हो गया और इसे बाद में खींच कर किनारे वापस लाना पड़ा।

525 यात्रियों और 60 ट्रक समेत लगभग 150 वाहनों की क्षमता वाला कोरिया से लाये गये इस सेवा के जहाज वोयॉज सिंफनी में 461 यात्री और करीब 90 वाहन सवार थे। इस सेवा की भावनगर के घोघा से भरूच जिले के दहेज के बीच संचालन की शुरूआत गत 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने की थी। यह पिछले साल प्रधानमंत्री के हाथों इसी मार्ग पर केवल यात्रियों के लिए शुरू की गयी रो रो फेरी सेवा का उन्नत स्वरूप है। गुजरात मैरीटाइम बोर्ड के उपाध्यक्ष सह सीईओ मुकेश कुमार ने बताया कि जहाज का इंजन अचानक गर्म होकर बंद हो गया। बाद में इसे दो टग बोट के जरिये खींच कर समुद्र तट पर लाया गया। इसकी तकनीकी गड़बड़ी का अब विश्लेषण किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। शाम की पाली के लिए केवल यात्रियों वाले इंडिगो जहाज को चलाया जायेगा। ज्ञातव्य है कि इस सेवा के संचालन से दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के बीच की यात्रा के समय में कई घंटे की कमी आयी है। हालांकि खंभात की खाड़ी अपनी ऊंची नीची लहरों के लिए जानी जाती है और ऐसे में भारी भरकम इस जहाज के बंद हो जाने से इसे किनारे खींच कर लाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी है। जहाज में गड़बड़ी के चलते इसकी वापसी यात्रा को रद्द कर दिया गया है। इसकी जगह अब केवल यात्रियों वाला रो रो फेरी ही वापस आयेगा।