Breaking News

कोरोना से इटली में 3405, चीन में 3245 लोगों की मौत

रोम,इटली में कोरोना वायरस (कोविड 19) के प्रकोप से हालात बेहद खराब होते जा रहे है और पिछले 24 घंटों के दौरान 427 लोगों की इस वायरस की चपेट में आने से मौत हो गयी है जबकि चीन में अब तक 3245 लोगों की मौत हुई है।

इटली के स्वास्थ अधिकारीयों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान 427 लोगों की मौत के बाद देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3405 हो गयी है। इटली में अब चीन से भी अधिक लोगों की मौत हो गयी है।

नागरिक सुरक्षा विभाग की तरफ से जारी किये गए ताजा आंकड़ों के अनुसार इटली में अबतक 41,035 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की गयी है और करीब 4400 नागरिक इस वायरस के चपेट से बाहर आ गए है। संक्रमित 14,935 लोगों की उन्हीं के घरों में अलग से रखा गया है जबकि बुधवार को 12,090 लोगों को घर में रखा गया था।

विभाग ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से सम्बंधित लक्षणों के बाद करीब 15,757 लोग को अस्पताल में भर्ती हैं और लगभग 2498 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है जिन्हें गहन देख-भाल में रखा गया है। इटली में कोरोना वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। इटली में अभी तक सर्वाधिक 3405 लोगों की मौत हो गयी है जबकि चीन में अबतक 3245 लोगों की वायरस के चपेट में आने से मौत हुई है तथा 80,967 लोग वायरस से संक्रमित है।

पूरे विश्व में खतरनाक कोरोना वायरस से अबतक 9,291 लोगों की मौत हो चुकी हैं और 2,27,203 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच इसे 11 मार्च को वैश्विक महामारी भी घोषित कर दिया था।