Breaking News

कोरोना की चपेट में आए हेड कांस्टेबल सहित पांच लोग कोरोना पाजिटिव

शिमला, हिमाचल प्रदेश में एक हेड कांस्टेबल सहित पांच लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं।
इसी के साथ कोरोना संक्रमण से पीड़ित लोगों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है। यह जानकारी अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आर डी धीमान ने आज यहां दी ।

उन्होंने कहा कि कांगडा जिले में हेड कांस्टेबल पंचरुखी थाने में तैनात है। दो अन्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों एक की ट्रैवल हिस्ट्री जालंधर से जुड़ी हुई है। इनमें एक पंचरुखी व पपरोला व एक मझेरना का है। तीनों की उम्र 40 वर्ष से ऊपर है। एक व्यक्ति को फ्लू क्लीनिक के माध्यम से पॉजिटिव पाया गया है। पुलिस स्टेशन को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। टांडा अस्पताल में तीनों सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि टांडा अस्पताल में एक संक्रमित व्यक्ति ओपीडी में गया था, जिसे सील कर दिया गया है। संक्रमित के संपर्क में आए परिवार के लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। वहीं, पपरोला का दूसरा संक्रमित 62 वर्षीय व्यक्ति बनुरी पालमपुर में चाय की दुकान चलाता है। परिवार में पांच लोग हैं। सभी को क्वारंटाइन में भेजा जाएगा।

इसी के साथ हमीरपुर जिले के सुजानपुर के बजरोल व पलभु क्षेत्र से दो व्यक्तियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर पता चला है कि ये दोनों 30 अप्रैल को दिल्ली से लौटे थे और घर में ही क्वारंटीन थे। यह भी पता चला है कि दोनों एक ही टैक्सी में दिल्ली से घर आए हैं। इनके साथ एक तीसरा व्यक्ति भी टैक्सी में सवार था। दोनों संक्रमित व्यक्तियों के सभी प्राथमिक एवं द्वितीयक संपर्कों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गांव व आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सील करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जिससे राज्य में कोरोना पाजिटिव की संख्या 23 पहुंच गई है। दोनों को भोटा स्थिति कोविड-19 अस्पताल में भेजा जा रहा है।

प्रदेश में अब तक 21628 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 7345 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ्य हैं। राज्य में अब तक 11269 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है। 35 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है।