Breaking News

स्वरा बनीं लेडी सोनू सूद, प्रवासी मजदूरों को भेज रही हैं घर

स्वरा बनीं लेडी सोनू सूद, प्रवासी मजदूरों को भेज रही हैं घर

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर प्रवासी मजदूरों को घर भेजने में मदद कर रही हैं।

कोरोना वायरस के कारण पूरे देश में लॉकडाउन लागू है। ऐसे में मजदूर वर्ग अपने-अपने घरों को लौटने के लिए मजबूर हैं। प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए पहले सोनू सूद आगे आए थे तो वहीं, स्वरा भास्कर भी मजदूरों को उनके घर पहुंचने में पूरी मदद कर रही हैं।

सोनू सूद जो काम मुंबई में कर रहे हैं, स्वरा भास्कर वही काम दिल्ली में रहकर कर रही हैं। स्वरा ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं जिनमें उन्होंने बताया है कि ट्विटर पर उन्हें जो प्रतिक्रियाएं मिली थीं उसके आधार पर उन्होंने कुछ लोगों को वापस यूपी और बिहार भेजा है।

स्वरा ने लिखा, “दिल्ली में फंसे प्रवासियों को वापस यूपी और बिहार भेजने की हमारी ट्विटर इनक्वायरी पर 70 से ज्यादा लोगों ने प्रतिक्रिया दी थी।” स्वरा ने लिखा, “कल संजय मिश्रा, सर्वेश मिश्रा, प्रशांत श्रीवास्तव और आशुतोष रंका की मदद से दस और बसें प्रवासियों को लेकर रवाना हुईं। इनमें से दो लोग वो थे जिन्होंने खुद मुझसे ट्विटर पर संपर्क किया था। इस कोशिश में जुड़कर बहुत अच्छा लगा कि हम कुछ बेहतर करने में सोशल मीडिया की मदद ले सकते हैं ,शुक्रिया।”

स्वरा भास्कर को एक सोशल मीडिया यूजर ने लेडी सोनू सूद कहते हुए लिखा, “पूरी शिद्दत के साथ, कोरोना वायरस जैसे संकट के दौरान भी प्रवासी मजदूरों के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं। मैं स्वरा भास्कर को लेडी सोनू सूद कह सकता हूं। आपके साथ काम करके खुश हूं। रिएक्शन देते हुए स्वरा भास्कर ने ट्वीट किया, “आप सभी ने बहुत अच्छा काम किया है। आप सभी की मदद के लिए धन्यवाद। आप सभी ने मुझे आशा दी है।”