Breaking News

देवरिया में बर्खास्त सात शिक्षकों पर जाल फरेब का मुकदमा दर्ज

देवरिया, उत्तर प्रदेश में देवरिया के सदर कोतवाली में बर्खास्त सात शिक्षकों के खिलाफ शुक्रवार को जाल फरेब का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सदर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार तिवारी ने गुरुवार को इन बर्खास्त शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दिया था। पुलिस ने बर्खास्त शिक्षक विमल यादव, रीता मिश्रा, मीरा यादव, नीरज, सुनील कुमार रावत, अनिल कुमार रावत और सरोज कुमार के खिलाफ जाल फरेब आदि मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बेसिक शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर नियुक्तियों में गड़बड़ी की गई है। जिसकी जांच प्रदेश सरकार के निर्देश पर एसटीएफ कर रही है। सूत्रों के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में 18 के करीब और बर्खास्त शिक्षकों के खिलाफ तहरीर पड़ी है। जिसमें जल्द ही मुकदमा दर्ज हो सकता है।