Breaking News

नगर आयुक्त का बड़ा दावा, छह माह के अंदर सहारनपुर विश्व के सुंदरतम् शहरों जैसा दिखेगा ?

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर नगर आयुक्त का दावा है कि आगामी पांच-छह माह के अंदर सहारनपुर शहर विश्व के सुंदरतम् शहरों जैसा ही दिखेगा। यहां की सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद होंगी। इन सभी योजनाओं को पूरा करने के लिए पूरी धनराशि उपलब्ध है। काम करने वाली एजेंसी का चयन होते ही स्मार्ट सिटी की सभी योजनाएं धरातल पर आनी शुरू हो जाएंगी।

सहारनपुर को स्मार्ट सिटी के तहत आधुनिक सुविधाएं तथा सुचारू रूप से व्यवस्थाओं के संचालन के लिए अधिकारियों के एक दल ने काम करने वाली एजेंसी के चयन के लिए पांच प्रमुख कंपनियों का प्रदर्शन देखा और उनके चयन की प्रक्रिया के लिए उनके प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग अंक दिए।
नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि एक-दो दिन में काम करने वाली कंपनी का चयन हो जाएगा। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल एवं जानसन एंड जानसन का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इसके अलावा हनिवेल, एनईसी और शाहपुरजी आदि कंपनियों ने भी अपना प्रस्तुतिकरण दिया। सभी को प्रस्तुतिकरण के आधार पर अंक दिये गये है। सबसे अधिक अंक पाले वाली एजेंसी का चयन शीघ्र किया जायेगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट सिटी के चेयरमैन कमिश्नर संजय कुमार, क्षेत्रिय नगर पर्यावरण अध्ययन केंद्र के अपर निदेशक ए के गुप्ता, स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी बी के सिंह, अधिशासी अभियंता ज्ञानचंद झा और स्मार्ट सिटी के सलाहकार मोहित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात प्रेमचंद, लेखाधिकारी राजीव कुशवाहा समेत कई अफसरों ने पांच कंपनियों द्वारा दिए गए योजनाओं के प्रस्तुतिकरण को करीब से देखा।
उन्होंने बताया कि नगर निगम में इंटीग्रेटिड कमाण्ड एंड कंटोल सेंटर बनाया गया है। जहां से नगर में होने वाली प्रत्येक गतिविधियों पर 100 सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जा सकेगी। नगर में किस जगह से कूड़े का निस्तारण नहीं हो पाया है, किस जगह पर सड़क दुर्घटना हुई है, आपराधिक वारदातों, लूट, चेन स्नेचिंग और मारपीट, झगड़ा, यातायात नियमों का उल्लंघन इस तरह की तमाम समस्याओं पर एक ही स्थान से नजर रखी जाएगी। सभी समस्याओं और शिकायतों का निस्तारण तीस मिनट के भीतर कर दिया जाएगा। नगर के सभी प्रमुख सड़क मार्गों को सुंदर, साफ-सुथरा, पेड़ पौधों से अच्छादित किया जा रहा है।