Breaking News

दिन हो या रात यूपी में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं : अंशुल यादव

औरैया, समाजवादी पार्टी नेता एवं इटावा जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव ने कहा कि दिन हो या रात यूपी में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।

समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव के भतीजे एवं इटावा जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव ने कहा कि योगी सरकार सरकार चलाने में पूरी तरह से विफल रही है। औरैया के वयोवृद्ध सपा नेता पूर्व एमएलसी मुलायम सिंह यादव की मृत्यु पर उनके गांव कढ़ोरे पुर्वा शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे अंशुल यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए आरोप लगाया महिलाओं पर हो रहे अत्याचार लगातार बढ़ते जा रहे हैं। फिर भी यह सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि यही हाल रहा तो उत्तर प्रदेश जंगल प्रदेश बन जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार महिलाओं का उत्पीड़न बढ़ता जा रहा है। दिन हो या रात महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। महिलाएं घर से निकलने में डरने लगीं हैं। उन्होंने कहा यदि यही हाल रहा तो उत्तर प्रदेश जंगल प्रदेश बन जाएगा। उन्होने आरोप लगाया कि योगी सरकार शासन चलाने में चहुओर से फेल हो चुकी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने हाथरस की घटना पर प्रहार करते हुए कहा भाजपा की प्रदेश सरकार ने जिस तरह से उनके कार्यकर्ताओं को परिजनों से मिलने की रोक लगाई थी, लगता है सरकार दूषित मानसिकता से कार्य कर रही। यह बहुत ही निंदनीय है। हाथरस में दलित परिवार की बेटी के साथ जो हुआ वह बहुत ही गलत है। इसके बावजूद भी सरकार ने वहां के जिलाधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह एक गंभीर विषय है। उन्होने आरोपियों के बारे में कहा कि शायद वह सत्ताधारी दल से जुड़े हुए हैं इसलिए सरकार उन पर कोई भी कार्रवाई नहीं कर रही है।