Breaking News

कल से नवरात्रि प्रारंभ, इस मुहूर्त में करें कलश स्थापना


 शारदीय नवरात्र 2020 कल शनिवार से शुरू हो रही है. इस नवरात्र का विशेष महत्व है। कल के दिन मां दुर्गा का आगमन स्वर्ग से धरती पर होगा। हिंदू धर्म में इन नौ दिनों का बहुत अधिक महत्व होता है। नवरात्र में देवी के नौ रूपों की पूजा धूमधाम से की जाती हैं। हर एक दिन देवी के अलग-अलग रूप की उपासना करने से भक्त को आशीर्वाद मिलता है। मां दुर्गा के भक्तों को इसकी तैयारी एक दिन पहले ही करनी होगी।

प्रतिपदा तिथि को माता के प्रथम स्वरूप शैल पुत्री के साथ ही कलश स्थापना के लिए भी अति महत्त्वपूर्ण दिन होता है। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की जाती है। पर्वतराज हिमालय के यहां पुत्री रूप में उत्पन्न होने के कारण इनका नाम शैलपुत्री पड़ा। पूर्व जन्म में ये प्रजापति दक्ष की कन्या थीं, तब इनका नाम सती था। इस दिन कलश स्थापना कर नौ दिनों तक माता की विशेष पूजा अर्चना की जाती है। इसलिए यह स्थापना सही और उत्तम समय में की जानी चाहिए।

अभिजीत मुहूर्त सभी शुभ कार्यों के लिए अति उत्तम होता है। जो मध्यान्ह 11:36 से 12:24 तक होगा।
स्थिर लग्न कुम्भ दोपहर 2:30 से 3:55 तक होगा, साथ ही शुभ चौघड़िया भी इस समय प्राप्त होगी, अतः यह अवधि कलश स्थापना हेतु अतिउत्तम है।
दूसरा स्थिर लग्न वृष 07:06 से 09:02 बजे तक होगा, परंतु चौघड़िया 07:30 तक ही शुभ है, अतः 07:08 से 07:30 बजे के बीच मे कलश स्थापना किया जा सकता है।