Breaking News

राजस्थान में छह नगर निगमों में महापौर चुनाव के लिए मतदान शुरु

जयपुर, राजस्थान में राजधानी जयपुर तथा जोधपुर एवं कोटा में छह नगर निगमों में महापौर के चुनाव के लिए मतदान आज सुबह दस बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरु हुआ।

जयपुर में जयपुर हैरिटेज एवं ग्रेटर नगर निगम, कोटा में कोटा उत्तर एवं दक्षिण तथा जोधपुर में जोधपुर उत्तर एवं दक्षिण नगर निगम में महापौर के लिए मतदान प्रारंभ होते ही नवनिर्वाचित सत्तारुढ़ कांग्रेस एवं विपक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा निर्दलीय पार्षद अपना वोट डालने पहुंचने लगे। मतदान अपराह्न दो बजे तक होगा। जयपुर हेरिटेज के वार्ड संख्या 31 से कांग्रेस पार्षद अजरुद्दीन ने पहला वोट डाला जबकि भाजपा की महापौर उम्मीदवार कुसुम यादव ने भाजपा पार्षदों में सबसे पहले वोट डाला।

जयपुर हैरिटेज में कांग्रेस ने मुनेश गुर्जर को महापौर प्रत्याशी बनाया है। जयपुर ग्रेटर नगर निगम महापौर के लिए कांग्रेस ने दिव्या सिंह जबकि भाजपा ने सौम्या गुर्जर को चुनाव मैदान में उतारा है। इसी तरह जोधपुर उत्तर एवं दक्षिण नगर निगम के लिए भी मतदान शुरू हुआ और कांग्रेस, भाजपा एवं निर्दलीय पार्षद अपना वोट डाल रहे है। उत्तर से कांग्रेस ने कुंती देवड़ा को मैदान में उतारा है जबकि भाजपा की ओर से डॉ. संगीता सोलंकी महापौर का चुनाव लड़ रही है। इसी तरह दक्षिण में कांग्रेस ने पूजा पारीक को तथा भाजपा ने वनिता सेठ चुनाव मैदान में उतारा है।

कोटा उत्तर नगर निगम में महापौर के मतदान के लिए कांग्रेसी पार्षदों को बस से मतदान स्थल लाया गया। इन पार्षदों को पुलिस के घेरे में मतदान स्थल तक पहुंचाया गया। कांग्रेस ने महापौर के लिए मंजू मेहरा जबकि भाजपा ने विवेक राजवंशी को महापौर चुनाव मैदान में उतारा हैं। कोटा दक्षिण के महापौर चुनाव में वार्ड संख्या 31 से निर्दलीय पार्षद ओम गुंजल सबसे पहले मतदान करने पहुंचे।