Breaking News

वरिष्ठ शिक्षक नेता और आठ बार एमएलसी रहे ओमप्रकाश शर्मा का निधन

लखनऊ, उत्‍तर प्रदेश के वरिष्ठ शिक्षक नेता और आठ बार एमएलसी रहे ओमप्रकाश शर्मा का शनिवार की शाम निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे।

शिक्षक राजनीति में लगभग आधी सदी तक अपना दबदबा कायम रखने वाले पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा का शनिवार की शाम आकस्मिक निधन हो गया। ओम प्रकाश शर्मा को सुबह पेचिश की समस्या हुई थी।  शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके कुछ देर बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा के निधन की जानकारी मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। तमाम शिक्षाविदों सहित राजनीतिक दलों से जुड़े कई लोग उनके घर पर सांत्वना देने पहुंचे।

वे मेरठ शिक्षक सीट से 48 साल से शिक्षक नेता के तौर पर एमएलसी रहे।   ओमप्रकाश शर्मा पहली बार 1970 में एमएलसी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुने गए थे। 1970 से 1976 तक एमएलसी रहे। 1976 से 1978 के बीच चुनाव नहीं हुआ था। उसके बाद से वह 1978 से लगातार एमएलसी चुने गए। वे लगातार आठ बार एमएलसी रहे। इस बार हुए एमएलसी के चुनाव में उन्हें पराजित होना पड़ा, लेकिन उन्होंने कहा था कि शिक्षकों के लिए लगातार काम करते रहेंगे। शनिवार को दिन में वे शिक्षकों के धरने में कड़ाके की ठंड में शामिल हुए। शाम में उनका निधन हो गया।