Breaking News

उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक सात जुलाई को

लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य कार्यकारिणी की बैठक सात जुलाई को लखनऊ में होगी। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भाग लेने की संभावना है।

पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित होने की संभावना है। कोरोना महामारी को देखते हुये बैठक वर्चुअली होगी जिसमें कार्यकारिणी के सदस्य अपने संबधित जिलों से जुड़ेंगे। बैठक में अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रोडमैप तैयार किया जायेगा।

पार्टी महासचिव संगठन बीएल संतोष और उत्तर प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के लखनऊ दौरे के बाद बैठक का आयोजन किया जा रहा है। दोनो पदाधिकारियों ने अपने लखनऊ प्रवास के दौरान कई अहम बैठकें कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा था जिसके बाद संगठन स्तर पर कई बदलाव किये गये। पूर्व आईएएस एके शर्मा को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया जबकि पार्टी की मीडिया टीम समेत संगठन में कई नये चेहरों को जगह दी गयी।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कुछ नयी नियुक्तियां की जिसमें फरूखाबाद के प्रांशुदत्त द्विवेदी को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया जबकि औरैया की राज्यसभा सांसद गीता शाक्य को महिला मोर्चा, गोरखपुर के कामेश्वर सिंह को किसाना मोर्चा, गाजियाबाद के पूर्व सांसद नरेन्द्र कश्यप को पिछड़ा वर्ग मोर्चा, सांसद कौशल किशोर को अनुसूचित जाति मोर्चा,गोरखपुर के संजय गौंड को जनजाति मोर्चा और मेरठ के कुवंर बसित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

इससे पहले मार्च में प्रदेश कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया था जिसमें रक्षा मंत्री ने प्रतिभाग किया था।