हर भारतीय लगाये अपने घर में तिरंगा झंडा : मायावती

लखनऊ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर देशवासियों से अपने घरों में तिरंगा झंडा लगाने की अपील की है।

मायावती ने मंगलवार को कहा “ भारतीय तिरंगा झण्डा सभी को देश की आन व शान की याद दिलाता है तथा हर मेहनतकश भारतीय अपनी रोजी-रोटी की अनिवार्यता के कारण चाहे वो उसका प्रदर्शन नहीं कर पाता हो परन्तु वह राष्ट्रीय झण्डे का हमेशा दिल से जरूर सम्मान करता है। ”

उन्होने कहा कि अब जब पूरा देश अंग्रेजों की गुलामी से आज़ादी के 75 वर्ष मना रहा है तो इस ख़ास मौके पर सभी देशवासियों को अपने घरों में तिरंगा झण्डा लगाकर उन्हें अपनी खुशी का प्रदर्शन जरूर करना चाहिए, बीएसपी की यह अपील।

गौरतलब है कि केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सरकार आजादी की 75वीं सालगिरह को अमृत महोत्सव के रूप में मना रही है। भाजपा ने इस मौके पर आज से हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है।