Breaking News

बहुत जल्द भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति होगी- जे पी नड्डा

जयपुर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ करने वाली केंद्र सरकार के शासन में देश में तेज गति से विकास हो रहा है और बहुत जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति होगी।

जे पी नड्डा रविवार को यहां बीलवा में भाजपा के कांग्रेस सरकार के खिलाफ शुरु किए गए “नहीं सहेगा राजस्थान” आंदोलन की शुरुआत के बाद रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि नौ साल पहले भारत दुनिया की दसवीं अर्थव्यवस्था थी और आज पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। बहुत जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति होगी। उन्होंने कहा कि स्टील उत्पादन में भारत आज दूसरे स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देश में खिलौने बनाने की अपील के बाद आज भारत का खिलौना निर्यात तीन गुना बढ़ गया है। भारत अब विदेशों को खिलौना निर्यात कर रहा है। ऑटोमोबाइल मार्केट में भारत तीसरे स्थान पर पहुँच गया है। एफडीआई निवेश काफी बढ़ा है। इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स के निर्यात में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2014 में आज से नौ साल पहले 92 प्रतिशत मोबाइल बाहर से आता था। आज 97 प्रतिशत मोबाइल भारत में बनता है। आज एप्पल भी भारत में बन रहा है। दवा उत्पादन के कारण भारत आज दुनिया की डिस्पेंसरी बन गई है। आज लाभार्थियों का हक़ बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के बैंक एकाउंट में ट्रांसफर किया जा रहा है। डीबीटी के जरिये अब तक लगभग 25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के एकाउंट में ट्रांसफर किया जा चुका है। डिजिटल ट्रांजेक्शन में भारत ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। अब फ्रांस और यूएई में भी यूपीआई ट्रांजेक्शन हो पायेगा।

जे पी नड्डा ने कहा कि प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर अगले साल तक बन जाएगा जो सदियों से हर भारतवासी का सपना था। बाबा काशी विश्वनाथ धाम, केदरानाथ धाम, महाकाल धाम, सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार हुआ है। अब पुष्कर का भी जीर्णोद्वारा हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मुंबई-दिल्ली कॉरिडोर बन रहा है, इससे राजस्थान का विकास विकास होगा। राजस्थान में रेलवे का बजट 400 गुना बढ़ाया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बड़े पैमाने पर हो रहा है। गत आठ जुलाई को ही श्री मोदी ने बीकानेर में लगभग 24,300 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया था। उन्होंने इस दौरान बिजली क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए लगभग 10,950 करोड़ रुपये की लागत से हरित ऊर्जा गलियारे के लिए निर्मित अंतर-राज्य ट्रांसमिशन लाइन के चरण-प्रथम का लोकार्पण भी किया था।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के नौ साल में राजस्थान को 30 मेडिकल कॉलेज दिए गए हैं। इसमें से सात मेडिकल कॉलेज खुल गए हैं और बाकी खोले जा रहे हैं। राजस्थान पर लगे अत्याचार, उत्पीड़न, पक्षपात और भ्रष्टाचार के दाग को छुड़ाना होगा। देश को आगे बढ़ाना है तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को और मजबूत करना होगा।

जे पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री कल ही फ्रांस और यूएई का सफल दौरा कर के लौटे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने श्री मोदी को फ्रांस के सर्वाच्च नागरिक एवं सैन्य सम्मान ग्रैंड क्रॉस लीजन आफ ऑनर अवार्ड से सम्मानित किया हैं। आजाद भारत में श्री मोदी पहले प्रधानमंत्री है, जिन्हें यह सम्मान मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्हें दुनिया के सर्वाधिक देशों का सर्वोच्च एवं प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ करने वाली केंद्र सरकार है तो दूसरी तरफ राजस्थान में कांग्रेस की उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार करने वाली सरकार है।