Breaking News

अमित शाह और राजनाथ सिंह ने मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिये बधाई दी

नयी दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिये जाने को लेकर बधाई दी है।

केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा,भारतीय सिनेमा में अभूतपूर्व योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित होने पर श्री मिथुन चक्रवर्ती जी को बधाई। मिथुन जी के कई दशकों के शानदार करियर ने न केवल हमारी फिल्मों को समृद्ध किया है, बल्कि अभिनय में उत्कृष्टता के मानक भी स्थापित किए हैं। उन्हें मेरी ढ़ेरों शुभकामनाएँ।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स पर मिथुन चक्रवर्ती को बधाई दी है। उन्होंने लिखा,’दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित श्री मिथुन चक्रवर्ती को बधाई। भारतीय सिनेमा में एक अभिनेता के रूप में उनका सफ़र प्रेरणादायक और असाधारण रहा है। भारत के लोग उनके काम को संजो कर रखते हैं। मिथुन दा को रूस और कई मध्य एशियाई देशों में उनकी अभिनय कला और जबरदस्त कौशल के लिए प्यार किया जाता है। फिल्मों में उनका योगदान सराहनीय रहा है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएँ।

गौरतलब है कि केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की है। मिथुन चक्रवर्ती को 08 अक्टूबर 2024 को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।