Breaking News

सपा परिवार मुलायम सिंह यादव की समाधि पर अर्पित करेगा पुष्पाजंलि

इटावा, देश के प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवारों में शुमार सैफई का यादव परिवार अपने मुखिया और समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव को गुरुवार को उनकी द्वितीय पुण्यतिथि पर पुष्पाजंलि अर्पित करेगा।

पार्टी के प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने बताया कि गुरुवार सुबह 10 बजे दिवंगत नेता के समाधि स्थल पर यादव परिवार एकत्र होगा और अपने प्रिय सदस्य को पुष्पांजलि अर्पित करेगा। उसके बाद सैफई स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रदेश भर से आए हुए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव राजधानी लखनऊ से आज दोपहर बाद अपने पैतृक गांव सैफई पहुंच गए हैं।

गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। जिनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में किया गया था। गुरुवार को उनकी द्वितीय पुण्यतिथि पर सैफई महोत्सव ग्राउंड में बने समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया है, जहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव,पूर्व मंत्री राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव,मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव,पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव, सांसद आदित्य यादव,सांसद अक्षय यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव सहित परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे।