
कमला अंकीबाई घमंडीराम गोवानी ट्रस्ट ने गुरुवार को यहां प्रधानमंत्री संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योजदान देने वाली इन महिलाओं को 2025 के लिए समानित किया। इस अवसर पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खटटर, श्रम, रोजगार युवा मामलों के मंत्री मनसुख मंडाविया, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन और लोकसभा सदस्य मनोज तिवारी सहित कई अन्य प्रमुख लोग मौजूद थे।
श्री गडकरी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “आज एक ऐसे समाज के निर्माण की जरूरत है जहां समानता हो और हीनता की भावना नहीं हो। संविधान सामाजिक और आर्थिक समानता को बढ़ावा देता है, जो हमारे राष्ट्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है और ज्ञान इसके केंद्र में है। हमारा देश प्रतिभा से भरा हुआ है जिसमें पुरुष और महिलाएं अपनी उपलब्धियों के माध्यम से सम्मान अर्जित कर रहे हैं। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला सम्मान 2025 उत्कृष्टता का जश्न मनाता है और उन अद्भुत महिलाओं को पहचानता है जो हमें प्रेरित करती हैं। यह पुरस्कार हमारे समर्पण का प्रतीक है, जो प्रतिभा को ऊंचा उठाने और नए युग की परिवर्तन चैंपियनों को सम्मानित करता है और भविष्य के लिए प्रेरणा देने वाला है।
श्री खट्टर ने कहा, “इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर, मैं सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ता महिलाओं और प्रतिभागियों को बधाई देता हूं। महिलाएं हमारे समुदायों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और इसी के कारण हम अद्भुत परिवर्तन देख रहे हैं क्योंकि महिलाएं अब नेतृत्व की भूमिकाओं में कदम रख रही हैं।”
श्रीमती पटेल ने कहा, “मैं आज सम्मानित सभी अद्भुत महिलाओं को बधाई देती हूं। उनकी उपलब्धियां हमारे समाज में महिलाओं की ताकत, लचीलापन और संभावनाओं का प्रमाण हैं। जब हम उनके योगदान का जश्न मनाते हैं तो उनको सशक्त बनाने और उनकी आवाज को हर क्षेत्र में सुनने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं। इससे मिलकर हम ऐसा भविष्य बना सकते हैं जहां हर महिला को फलने-फूलने और नेतृत्व करने का अवसर मिले।”