Breaking News

टप्पेबाजी करने वाली महिलाओं के गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

रायरबरेली,  उत्तर प्रदेश के रायबरेली के नगर कोतवाली इलाके में टप्पेबाजी और चोरी करने वाली महिलाओं के एक गिरोह का आज पर्दाफाश करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने आज बताया कि टप्पेबाजी और चोरी करने वाली महिलाओं को गिरोह सांसी गिरोह के नाम से कुख्यात है। इस गिरोह की चार महिला सदस्यों को थाना क्षेत्र से आज गिरफ्तार किया । उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के सुपर मार्केट स्थित स्टेट बैंक से अपनी नातिन के विवाह के लिए एक लाख रुपये निकाल कर घर जा रही पीड़िता वृद्ध महिला गायत्री देवी के साथ चोरी से उसके लाख रुपये और बैंक की पास बुक व आधार कार्ड लेकर सांसी गिरोह की महिलाओं ने हड़प लिए। जब पीड़िता को चोरी का आभास हुआ तब यह लोग उसे धक्का देकर भाग गए।

पीड़ित वृद्धा ने इस घटना की तहरीर सदर कोतवाली में दी। पुलिस ने इस सूचना पर तत्परता दिखाते हुए आज सांसी गिरोह की सीता, पूनम सिसोदिया, रेखा और मनीषा को गिरफ्तार किया है। यह सभी राजगढ़ मध्यप्रदेश की रहनेवाली बताई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार इस गिरोह के लोग ट्रेन से सफर करते और स्टेशन के आसपास अपना डेरा डाल देते थे। फिर सुबह किसी बैंक के आसपास शिकार की तलाश में निकल जाते और गिरोह की सबसे छोटी लड़की को डेरे की देखभाल के लिए छोड़ देते थे। बैंक में आने जाने वालों में जो व्यक्ति कमजोर बूढ़ा और लाचार दिखाई देता उसे अपना शिकार बनाते थे। पुलिस ने इस गिरोह की निशानदेही पर वृद्धा का करीब 54,760 ₹ इनके पास से बरामद किया है। पुलिस ने इस गिरोह के अपराधों का पुराना इतिहास बताते हुए कहा कि सीतापुर में इस गिरोह ने एक महिला का पर्स काट कर उसके करीब 45 हज़ार रुपये हड़प लिए। इसी तरह अलग अलग जगहों और राज्यो में भी इन्होंने इसी प्रकार की वारदात की है। बताया गया कि अब तक उपलब्ध जानकारी में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में इन लोगो पर करीब आधा दर्जन मुकदमें चल रहे हैं।
पुलिस ने इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।