उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

लखनऊ, राजधानी लखनऊ समेत समूचे उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को आजादी की 79वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी।

मुख्य समारोह विधानभवन के सामने हुआ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुये विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली। इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

इससे पहले योगी ने अपने सरकारी आवास पर भी तिरंगा फहराया और कहा कि स्वदेशी को जीवन को हिस्सा बनाना देश की स्वाधीनता का संकल्प बनना चाहिये।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में ध्वजारोहण किया तथा सलामी ली। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में राजभवन परिवार के सदस्यों द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। राज्यपाल ने सभी कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि राजभवन में कार्यरत लोगों में अद्भुत प्रतिभा है, जो तभी सामने आती है जब उन्हें मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि जिनके पास भी विशेष कला या कौशल है, वे राजभवन के बच्चों को उसे सिखाने के लिए आगे आयें।

पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने तिरंगा फहराया और उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दी। इस अवसर पर पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिये पदक से सम्मानित किया गया।

अयोध्या,वाराणसी,जौनपुर,सहारनपुर,कानपुर और देवरिया समेत समूचे उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रायें निकाली गयीं और ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता का इजहार किया गया। नेपाल सीमा से सटे बस्ती मंडल पर इस मौके पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किये गये थे। अयोध्या में राममंदिर में तिरंगा फहराया गया वहीं वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को खूबसूरत लाइटों से सजाया गया था।

स्कूल,कालेजों में छात्र छात्राओं ने राष्ट्र नायकों के जीवन चरित्र पर आधारित काव्यपाठ,झांकी और नाटिका का मंचन किया और देश के प्रति अपने जज्बे का इजहार किया। इस अवसर पर देशभक्ति के गीतों पर बच्चे जमकर थिरके। प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया। आजादी की सालगिरह के मौके पर प्राणि उद्यान,पार्क, माल समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भीड़भाड़ रही। लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के प्रति अपना उल्लास व्यक्त किया।

राष्ट्रीय पर्व पर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव,बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश की जनता को बधाई दी और एकजुट रह कर राष्ट्र कार्य में अपना योगदान देने की अपील की।

Related Articles

Back to top button