जिला चिकित्सालय से मेडिकल कालेज बने संस्थानों में जारी रहेंगी एनएचएम की सेवायें

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में मेडिकल कालेज में अपग्रेड किये गए जिला चिकित्सालयों में एनएचएम की सेवाएं पूर्ववत जारी रहेगी। इस बावत बुधवार को मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उप्र पिंकी जोवेल ने संबंधित चिकित्सा विश्वविद्यालयों एवं मेडिकल कॉलेज के कुलपति व प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर दिया है।

आम जन तक सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उप्र के अंतर्गत विभिन्न संचालित कार्यक्रमों का क्रियान्वयन चिकित्सा विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, जिला स्तरीय चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से किया जा रहा है। इनमें जननी सुरक्षा योजना व टीकाकरण सहित जांचे प्रमुख रूप से शामिल है।

वर्तमान में जनपद स्तरीय चिकित्सालयों को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित किये जाने के बाद इन स्थानों पर पूर्व की भांति एनएचएम की सेवाओं को लेकर असमंजस की स्थिति थी। जिसको लेकर यूपी एनएचम की मिशन निदेशक पिंकी जोवेल ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा है कि मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित जनपद स्तरीय चिकित्सालयों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उप्र के अंतर्गत प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुविधाएं पूर्व की भांति जारी रहेंगी।

गौरतलब है कि प्रदेश में योगी सरकार के सत्ता में आने के बाद कई जिलों के जिला चिकित्सालयों को अपग्रेड कर मेडिकल कालेज में तब्दील कर दिया गया है। जिनमे बस्ती, बहराइच, अयोध्या, फिरोजाबाद और शाहजहांपुर, एटा, हरदोई, मिर्जापुर, गाजीपुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, देवरिया और सिद्धार्थनगर जैसे जिले शामिल हैं। इसी के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की जगह अब यह चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button