मौसम विभाग ने मुंबई के लिये जारी किया येलो अलर्ट

मुंबई, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार तीसरे दिन यानी मंगलवार को भी भारी बारिश हुयी। शहर के कई हिस्सों में कल रात 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गयी, जिससे जलभराव और यातायात जाम की स्थिति बन गयी।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने क्षेत्र में और अधिक बारिश होने की संभावना जताते हुये मुंबई, थाणे और रायगढ़ जिलों के लिये येलो अलर्ट जारी कर दिया, जो 18 सितंबर की सुबह तक जारी रहेगा।
बारिश के चलते मध्य रेलवे की सभी चार लाइनों पर भी आज रेल सेवा 10 से 15 मिनट तक थोड़ी लेट-लतीफ रहीं। हालांकि कोई ट्रेन सेवा रद्द नहीं की गयी।
बृहन्मुंबई नगर निगम के मुताबिक शहर में मध्यम से भारी बारिश के साथ सामान्यत: बादल छाये रहेंगे और बादल गरजने और बिजली गिरने की भी संभावना है।
कल सुबह 08.00 बजे से औज सुबह 08.00 बजे तक शहर में औसत बारिश 39.35 मिलीमीटर दर्ज की गयी। वहीं पूर्वी उपनगर में 35.17 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगर में 40.34 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुयी।





